UP KHABAR
Search Icon
UP KI BAAT DESH KE SATH

गोरखनाथ: प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति को योगी आदित्यनाथ जी का आशीर्वाद, संगठन में बने रहने के निर्देश

गोरखनाथ: प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति को योगी आदित्यनाथ जी का आशीर्वाद, संगठन में बने रहने के निर्देश

विश्व हिंदू महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने गोरखनाथ मंदिर में गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ जी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया, योगी जी ने भिखारी प्रजापति को सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

गोरखपुर: राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की जयघोष और गोरक्षपीठाधीश्वर परमपूज्य योगी आदित्यनाथ जी महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए, विश्व हिंदू महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आज गोरखनाथ मंदिर में एक महत्वपूर्ण भेंटवार्ता संपन्न की। इस अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष श्री भिखारी प्रजापति के नेतृत्व में गोरक्ष संभाग प्रभारी श्री दिग्विजय किशोर शाही और गोरखपुर जिला महामंत्री श्री श्याम बाबू शर्मा की प्रतिनिधि मंडली ने परमपूज्य योगी आदित्यनाथ जी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ जी महाराज ने भिखारी प्रजापति जी को संगठन में पूर्ववत सक्रिय रहकर कार्य करते रहने का निर्देश दिया। महाराज जी ने स्पष्ट शब्दों में भरोसा जताते हुए कहा कि श्री प्रजापति अपने अनुभव, निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ विश्व हिंदू महासंघ के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निरंतर सेवाएं देते रहें। इस मुलाकात के दौरान महाराज जी का आशीर्वाद और निर्देश मिलने से संगठन के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।

भिखारी प्रजापति जी को मिले आशीर्वाद की खबर फैलते ही कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। संगठन के सदस्यों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की और गोरखपुर सहित अन्य स्थानों पर भी मंदिरों में प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू महासंघ वाराणसी मंडल प्रभारी तपेश्वर चौधरी के नेतृत्व में विभिन्न मंदिरों में विशेष प्रसाद वितरण का आयोजन कर इस पावन अवसर को मनाया गया। श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने प्रसाद ग्रहण कर महाराज जी के प्रति कृतज्ञता और प्रदेश अध्यक्ष के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

इस महत्वपूर्ण जानकारी की पुष्टि करते हुए विश्व हिंदू महासंघ वाराणसी मंडल प्रभारी तपेश्वर चौधरी ने 'यूपी खबर' के संवाददाता को बताया कि श्री भिखारी प्रजापति के प्रति महाराज जी का यह विश्वास उनके निरंतर परिश्रम और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा का परिणाम है। श्री चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज के प्रति गहरी कृतज्ञता भी प्रकट की।

इसी क्रम में विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश महामंत्री श्री ओमप्रकाश यादव ने भी प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी और महाराज जी के आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन को एक समर्पित और अनुभवी नेतृत्व के रूप में श्री प्रजापति का मार्गदर्शन भविष्य में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष (अधिवक्ता प्रकोष्ठ) रुद्र कुमार पाठक ने भी इस अवसर पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता श्री भिखारी प्रजापति जी के अथक परिश्रम, कुशल संगठन क्षमता और सकारात्मक कार्यों का ही परिणाम है, जिसकी वजह से तमाम विवादों और अटकलों के बावजूद भी महाराज जी का विश्वास उन पर कायम रहा। संगठन के हित में उनका यह स्थायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष जयशंकर केशरी ने भी इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में एक बार फिर यह प्रमाणित हुआ है कि समर्पण और सत्यनिष्ठा की हमेशा विजय होती है। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने इसे न्याय की जीत बताते हुए कहा कि श्री भिखारी प्रजापति जैसे कर्मठ और निष्ठावान नेता का प्रदेश अध्यक्ष बने रहना संगठन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने गोरक्षपीठाधीश्वर महाराज जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए और श्री प्रजापति को आशीर्वाद प्रदान करने के लिए कोटि-कोटि बधाइयां भी दीं।

आज की इस ऐतिहासिक भेंटवार्ता और प्रसाद वितरण समारोह से स्पष्ट है कि विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक मजबूती और नेतृत्व की स्थिरता के साथ आगे बढ़ रहा है। श्री भिखारी प्रजापति के नेतृत्व में संगठन ने अब तक जो उपलब्धियां हासिल की हैं, उनके भविष्य में और भी व्यापक परिणाम देखने को मिलेंगे, ऐसी आशा सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने व्यक्त की है।

Published By : SANDEEP KR SRIVASTAVA Updated : Sat, 19 Apr 2025 10:54 PM (IST)
FOLLOW WHATSAPP CHANNEL

Tags: gorakhnath temple yogi adityanath vishva hindu mahasangh

Category: uttar pradesh political news

LATEST NEWS